गिरिडीह: क्रीड़ा भारती गिरिडीह के द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को गिरिडीह के सर्कस मैदान में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग को दो ग्रुपों में तथा बालक वर्ग को एक ग्रुप में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई गई।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग ग्रुप-1 में सक्सेस डिफेंस एकेडमी की ईशा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भैया जी फिजिकल अकादमी की नंदनी कुमारी द्वितीय तथा रिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं बालिका वर्ग ग्रुप-2 में सोनू फिजिकल अकादमी की निशा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नंदनी कुमारी द्वितीय तथा भैया जी फिजिकल अकादमी की सुनीता बास्के तृतीय स्थान पर रहीं।
बालक वर्ग में सक्सेस फिजिकल अकादमी के बजरंगी कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सोनू डिफेंस अकादमी के शिवम कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। सक्सेस फिजिकल अकादमी के निलेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सोनू फिजिकल अकादमी के बबलू कुमार चौथे तथा नीतीश कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के उपरांत सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती के पूर्व जिला मंत्री संतोष खत्री, क्रीड़ा भारती एवं रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सर्वे, क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री अमित स्वर्णकार, सदस्य आकाश कुमार स्वर्णकार, रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर के सचिव अनिल मिश्रा, कोषाध्यक्ष सीए ब्रह्मदेव प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके अलावा भैया जी फिजिकल अकादमी के आकाश श्रीवास्तव, योद्धा अकादमी के अभिजीत मिश्रा, सोनू फिजिकल अकादमी के सोनू कुमार तथा सक्सेस फिजिकल अकादमी के रंजन कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।