गिरिडीह: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को गिरिडीह पुलिस की ओर से पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) स्थित खेल मैदान में फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने फुटबॉल पर किक मारकर किया।
इस दौरान एसपी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों एवं पुलिस बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसपी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गिरिडीह पुलिस खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
फुटबॉल मैच के दौरान पुलिस के वरीय पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, परिचारी प्रवर, पुलिस बल के जवान एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ आयोजन में भाग लिया।