30 दिनों से अंधेरे में कोरियाटोला बस्ती, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित; राजेश सिन्हा ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उठाई आवाज

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: पीतांबर-कोरियाटोला बस्ती में पिछले करीब 25-30 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों की पढ़ाई को लेकर हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

मामले की जानकारी मिलने पर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा कोरियाटोला बस्ती पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से ट्रांसफार्मर खराब है, जिससे पूरी बस्ती प्रभावित है।

राजेश सिन्हा ने बिजली विभाग के एसी शकील अहमद और एग्जीक्यूटिव मृणाल से बातचीत कर समस्या के समाधान की मांग की। अधिकारियों की ओर से दो दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान राजेश सिन्हा ने कहा कि पीरटांड़ प्रखंड में बिजली, पेयजल, सड़क, नाली और गली जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। उन्होंने जमीन से जुड़े मामलों और भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी संगठन की नजर होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि बस्ती के लोगों को बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए एक महीने तक इंतजार करना पड़ना चिंता का विषय है। सरकार और बिजली विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराकर बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।

सिन्हा ने संगठन के विस्तार की बात कहते हुए जल्द ही एक हजार नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि पीरटांड़ में जिला कमिटी सदस्य अजीत राय लगातार जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं और संगठन जनसमस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहेगा।

इस दौरान नगर कमिटी के सचिव नौशाद आलम समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। नौशाद आलम ने कहा कि सप्ताह में एक दिन माले के कार्यकर्ता शहर से पीरटांड़ क्षेत्र में पहुंचकर संगठन के विस्तार और जनसमस्याओं पर काम करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page