गिरिडीह: जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
1 अक्टूबर की बताई जा रही है घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह अपनी चार वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका फुफेरा भाई मिला, जो उसे बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठाकर गिरिडीह जिले में ले आया।
महिला का आरोप है कि उसे एक दुकान के अंदर बने कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसके बाद वहां कुछ अन्य युवक भी पहुंचे और उन्होंने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
नशीला पदार्थ खिलाने और मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे कुछ खिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गई। अगले दिन शाम करीब चार बजे उसे होश आया। खौफजदा पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद 7 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
एसपी ने बनाई SIT, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने जांच और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी सहित बेंगाबाद, हीरोडीह और धनवार थाना की पुलिस को शामिल किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जुटा रही है साक्ष्य
खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटनास्थल, आरोपियों की गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
