गिरिडीह:- भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज गिरिडीह स्टेडियम में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी एवं गुलेल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि एवं उत्साह को बढ़ावा देना, स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा गुब्बारे उड़ाकर तथा फुटबॉल को किक मारकर खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रदर्शित की खेल प्रतिभा…
गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के पहले दिन खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। खेल मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह एवं उमंग देखने योग्य रहा। इस प्रकार के आयोजन जिले में उपलब्ध खेल प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह दो दिवसीय खेल आयोजन कल भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
खेलो के माध्यम से युवाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का अवसर:- उपायुक्त…
उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में झारखंड की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत एवं खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की पहचान केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी झारखंड ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं तथा राज्य और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के बल पर खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उपायुक्त ने विशेष रूप से हॉकी का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी सामने आ रहे हैं, जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुशासन विकसित करने तथा जीवन में सकारात्मक दिशा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत एवं समर्पण के माध्यम से खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। खेलों के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं को उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करना आवश्यक है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाते हुए राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल…
भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित यह खेल आयोजन राज्य की गौरवशाली विरासत के साथ-साथ युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा एवं सामर्थ्य को सम्मान देने का अवसर है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग, अनुशासन एवं खेल भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े युवा खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
