गिरिडीह में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर ससुर और बहू की टांगी से हत्या…

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीखावा स्थित सुंडीटोला गांव में देर रात एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर ससुर और बहू की टांगी से वार कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सुकर मंडल और उनकी 30 वर्षीय बहू शीला मंडल के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो बजे अपराधी घर में घुसे और दोनों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह जब दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले तो घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अपराधियों की संख्या और पहचान का भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *