पचंबा डबल मर्डर कांड में पुलिस को मिली सफलता, आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त खून लगी टांगी बरामद

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव के ही 38 वर्षीय बासुदेव मंडल, पिता बद्री मंडल के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 24 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह करीब 4:35 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि खावा गांव में एक महिला और एक पुरुष की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां घर के बाहर दोनों के शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) और उनके ससुर सुकर मंडल के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने बासुदेव मंडल को घटना में शामिल पाया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-द्वितीय) रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने आरोपी को जामताड़ा जिले के करमाटांड़ से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी बड़ी टांगी समेत एक छोटी टांगी, छेनी और चप्पल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *