गिरिडीह: रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति बिना घूस के दिलाने की मांग को लेकर किसान जनता पार्टी ने मंगलवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में आठवीं बार धरना दिया और शहर में प्रदर्शन किया। पार्टी के केंद्रीय कमिटी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय ने रिट याचिका संख्या 5925/2022 में 27 फरवरी 2024 को आदेश पारित कर गिरिडीह जिला के सभी मौजा के रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति चार सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा था।
अपर समाहर्ता गिरिडीह ने भी अपने पत्रांक 1854/2024 के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे याचिकाकर्ता अवधेश कुमार सिंह से आवेदन और शुल्क लेकर सत्यापित प्रति उपलब्ध कराएं। लेकिन बेंगाबाद, गिरिडीह और तिसरी अंचल के अधिकारी अब तक सत्यापित प्रति उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, जबकि जमुआ, बगोदर और गांडेय अंचल में बिना घूस लिए यह प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। किसान जनता पार्टी ने इन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
20 मार्च से होगा बड़ा आंदोलन
पार्टी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने घोषणा की कि यदि इन भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 20 मार्च से शुरुवात में तिसरी में किसान जनता पार्टी के कार्यकर्ता “चाहे गिरफ्तार होकर जेल जाएंगे या लाठी-गोली खाएंगे, पर रजिस्टर टू लेकर ही घर लौटेंगे” के संकल्प के साथ सड़क पर उतरेंगे।
इसके अलावा, पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तिसरी, गिरिडीह और बेंगाबाद अंचल के अधिकारियों की संपत्ति की जांच करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल
धरना प्रदर्शन में किसान जनता पार्टी के कार्यालय सचिव विजय कुमार, महासचिव भागीरथ राय, संयोजक दासो मुर्मू, उपाध्यक्ष कुदरत अली, तिसरी अंचल अध्यक्ष नीलम कुमारी, बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष जोगेश्वर ठाकुर, कोषाध्यक्ष छत्रधारी सिंह, संस्थापक सदस्य मालती देवी, संरक्षक सुकुल नारायण देव समेत सैकड़ों किसान शामिल हुए।
धरना की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संतोष बास्के ने की और संचालन महासचिव भागीरथ राय ने किया।