बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड में एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक के पकड़े जाने के बाद झारखंड में कथित घुसपैठ का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा नेता अमर बाजुरी ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, जो इलाज के दौरान खुद को ढाका (बांग्लादेश) का निवासी बता रहा था।
अमर बाजुरी ने इसे राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा, “यह वही भयावह स्थिति है, जिसका अंदेशा था—अब वह हकीकत बन रही है। खतरा लगातार बढ़ रहा है। सतर्क रहना अब ज़रूरी है!” उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ा, जबकि रात में कई अन्य संदिग्ध लोगों को घूमते देखा गया था, लेकिन केवल एक को ही पकड़ने में सफलता मिली, बाकी सभी फरार हो गए।
अमर बाजुरी ने आगे लिखा कि “यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि हमारी ‘माटी-बेटी-रोटी’ के अस्तित्व पर सीधा हमला है। चंदनकियारी ही नहीं, पूरा झारखंड आज खतरे की जद में है। अब चुप रहने का समय नहीं है—यह झारखंड की अस्मिता की लड़ाई है। हम अपनों के सम्मान से समझौता नहीं करेंगे। भारतीय जनता पार्टी इस चुनौती के ख़िलाफ़ हर मोर्चे पर डटी रहेगी।”

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”