जलसहिया संघ की बैठक संपन्न, 3 मार्च को धरना देने का निर्णय

Share This News

गिरिडीह: झारखंड राज्य महिला जलसहिया कर्मचारी संघ की जिला शाखा गिरिडीह की बैठक आज किरण पब्लिक स्कूल, कोलडिहा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिव्या देवी ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री सरिता देवी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मुख्य संरक्षक अशोक कुमार सिंह की निगरानी में संघ की प्रदेश अध्यक्ष सितारा प्रवीन ने जलसहिया से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई जलसहियाओं ने हिस्सा लिया। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पिछला बकाया 24,000 रुपये एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान जल्द किया जाए। साथ ही, सरकार से आवंटित मोबाइल राशि के भुगतान में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई। संघ ने ऐलान किया कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो 3 मार्च 2025 को कार्यपालक अभियंता 1 एवं 2 के कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसकी सूचना विभागीय मंत्री एवं उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

गड़बड़ी के खिलाफ उच्च अधिकारियों को पत्र भेजने का निर्णय

बैठक में यह प्रस्ताव भी पारित हुआ कि देवरी प्रखंड के परसाटांड पंचायत की जलसहिया कविता भारती को साजिश के तहत हटाया गया और कथित रूप से अवैध राशि लेकर नई जलसहिया की नियुक्ति की गई। संघ ने इस मामले में उच्च अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजने का फैसला किया है।

जलसहियाओं के मानदेय के लिए राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी

संघ ने यह भी मांग की कि राज्य नेतृत्व एक सप्ताह के भीतर सभी जिलों का दौरा कार्यक्रम तय करे, ताकि जलसहियाओं के लंबित मानदेय की जल्द से जल्द अदायगी कराई जा सके।

जलसहियाओं को ‘मइयां सम्मान योजना’ में शामिल करने की मांग

संघ ने राज्य सरकार से अपील की कि यदि मानदेय भुगतान में बजट की कमी है, तो सभी जलसहियाओं को ‘मइयां सम्मान योजना’ में शामिल कर भुगतान की व्यवस्था की जाए।

बैठक में सुनीता देवी, बंदनी देवी, नीतू देवी, पूनम देवी, सीता देवी, सुनीता कुमारी, नीतू यादव, सोनी देवी, सुमा मरांडी, अनीता देवी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Post