झारखंड बोर्ड परीक्षा 2025: 14 फरवरी की परीक्षा स्थगित, जानें अब किस दिन होगी परीक्षा..

Share This News

रांची: झारखंड अधिविद्य परिषद् (JAC) ने वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 से संबंधित एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। परिषद द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है, जिससे परीक्षा देने वाले लाखों विद्यार्थियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

पहले 14 फरवरी 2025 (बुधवार) को आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं को अब 4 मार्च 2025 (मंगलवार) को पुनर्निर्धारित किया गया है। परीक्षा संचालन को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी कारणों को इसकी वजह बताया जा रहा है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर यह बदलाव किया गया हो सकता है। इसके अलावा, शब-ए-बारात के अवसर पर जारी अधिसूचना के अनुसार, इस दिन सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा, जिससे परीक्षा आयोजित करने में दिक्कत आ सकती थी।

अब 4 मार्च को होगी परीक्षा

JAC द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 14 फरवरी 2025 को होने वाली माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षाएं अब 4 मार्च 2025 (मंगलवार) को आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय वही रहेगा 

माध्यमिक परीक्षा: सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक

इंटरमीडिएट परीक्षा: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक

इस दिन जिन विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी, वे हैं:

माध्यमिक स्तर: खड़िया, खोरठा, कुरमाली, नागपुरी, पंच परगनिया

इंटरमीडिएट स्तर: अनिवार्य कोर भाषा (I.SC और I.COM), हिंदी ‘A’ और अंग्रेजी ‘A’, संगीत (I.A)

बाकी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार

JAC ने स्पष्ट किया है कि अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम (विज्ञप्ति संख्या-48/2024) के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को इस बदलाव की जानकारी देकर आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।