गिरिडीह: गांडेय स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र की लाश स्कूल परिसर में एक पेड़ से लटकी हुई मिली। इस घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजधनवार के महेशमरवा गांव निवासी 17 वर्षीय रामप्रसाद यादव के रूप में हुई है।
छात्रों ने दी घटना की सूचना
घटना की जानकारी सबसे पहले कुछ छात्रों को मिली, जिन्होंने तुरंत विद्यालय प्रबंधन को सूचित किया। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को खबर दी और शव को पेड़ से उतारा गया। इस घटना के बाद सैकड़ों छात्र आक्रोशित हो गए और विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करने लगे। छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों की प्रताड़ना के कारण रामप्रसाद ने यह कदम उठाया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी…
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ जितवाहन उरांव समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया, “मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
सांसद प्रतिनिधि ने की कार्रवाई की मांग
कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए स्कूल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल
यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। क्या छात्र पर मानसिक दबाव था? क्या विद्यालय प्रशासन की लापरवाही इस मौत के लिए जिम्मेदार है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।
फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। परिजनों और छात्रों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरिडीह: होली पर्व 2025 के अवसर पर गिरिडीह जिले में सभी प्रकार की खुदरा उत्पाद…
गिरिडीह: मिलावट के विरुद्ध अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को बेंगाबाद के…
रांची: झारखंड सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया में अहम बदलाव करते हुए दौड़ की दूरी…
बिहार पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय…
अक्सर लोग रात में सोने से पहले कुछ न कुछ खाने की आदत डाल लेते…
गढ़वा: झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने…