गिरिडीह(हीरोडीह): विद्यालय के बरामदे में मिला महिला का शव, मिली थी जान से मारने की धमकी, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

Share This News

गिरिडीह (हीरोडीह): उत्‍कर्मित मध्य विद्यालय, किसगों के बरामदे में सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान ललीला देवी के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है।

सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने देखा शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब कुछ लोग शौच के लिए जा रहे थे, तब उन्होंने विद्यालय के बरामदे में महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही मृतका की मां केरहारी गांव से मौके पर पहुंचीं। उन्होंने गांव के एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है।

झगड़े के बाद मिली थी जान से मारने की धमकी

मृतका की मां ने बताया कि बीते बुधवार को उनकी बेटी का सुधीर मंडल नामक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था, जिसमें उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिलहाल पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन में जुटी है।

चार बच्चों की मां थी मृतका

ललीला देवी के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस कर रही जांच

हीरोडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

Related Post