JSSC CGL पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन, ठगी में शामिल IRB के छह जवानों की बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू

2 Min Read
Share This News

JSSC CGL परीक्षा में प्रश्नपत्र दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह में शामिल झारखंड IRB के जवानों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। 24 मार्च को CID द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच जवानों के अलावा एक फरार जवान समेत कुल छह जवानों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

झारखंड के DGP अनुराग गुप्ता ने मामले की गहन जांच के बाद झारखंड सशस्त्र बल (JAP) के DIG को पत्र भेजकर इन जवानों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई सेवा से बर्खास्तगी की धारा 311 के तहत की जा रही है। सभी आरोपी जवान वर्तमान में निलंबित हैं और जेल में बंद हैं। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी जारी है।

CID जांच में सामने आया है कि फरार जवान खुद भी पहले CGL का अभ्यर्थी रह चुका है और परीक्षा पास करने के बाद उसने IRB में नियुक्ति पाई थी। लेकिन जैसे ही CID की जांच शुरू हुई, वह छुट्टी लेकर फरार हो गया। अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और उसकी तलाश जारी है।

इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड संदीप त्रिपाठी उर्फ शशि भूषण दीक्षित, उसके साथी विवेक रंजन, पांचों गिरफ्तार IRB जवानों समेत कुल 10 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी अंतिम चरण में है।

बर्खास्त किए जाने वाले जवानों की पहचान इस प्रकार है:

  • कुंदन कुमार (आरक्षी-119, IRB-8, गोड्डा)
  • रोबिन कुमार (आरक्षी-105, IRB-8, गोड्डा)
  • अखिलेश कुमार (आरक्षी-578, IRB-8, गोड्डा)
  • गौरव कुमार (आरक्षी-138, IRB-8, गोड्डा)
  • अभिलाष कुमार (आरक्षी-530, IRB-8, गोड्डा)

एक फरार जवान, जिसकी पहचान अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।

CID और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि JSSC जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ अब प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाने जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

Exit mobile version