रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की कमान अब कल्पना सोरेन को सौंपे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार गाण्डेय की विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को पार्टी की नई कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। सोमवार को रांची में शुरू हुए JMM के दो दिवसीय 13वें महाधिवेशन के दौरान इसका विधिवत ऐलान होने की संभावना है।
इस महाधिवेशन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के संरक्षक शिबू सोरेन विशेष रूप से शामिल हुए। वह व्हीलचेयर पर महाधिवेशन स्थल पहुंचे, जहां उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी नजर आए। तस्वीरों में हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन की व्हीलचेयर को थामे दिखाई दिए। मौके पर रूपी सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “झारखंड ही नहीं, पूरे देश-दुनिया के लोग आदरणीय दिशोम गुरुजी को आदर-सम्मान की नजरों से देखते हैं। उनके नेतृत्व में असंख्य क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के बाद हमें अलग राज्य झारखंड मिला।
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “झामुमो का जो विशाल पेड़ आदरणीय गुरुजी ने लगाया, उसकी जड़ें झारखंड के घर-घर में फैली हुई हैं। अब उसे सींचने और हमारे अग्रज नेताओं के संघर्ष को सम्मान देने का कार्य हमें करना है।”
बताया गया कि शिबू सोरेन की उम्र अब 81 वर्ष हो चुकी है और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण वह सक्रिय राजनीति से धीरे-धीरे किनारा कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने लिखा, “आज आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की अध्यक्षता में आयोजित इस महाधिवेशन में झामुमो परिवार के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं और जुझारू सिपाहियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।”

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”