रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं वज्रपात ने चिंता भी बढ़ा दी है। बुधवार को बारिश के दौरान राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने गुरुवार को राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में भी दोपहर बाद मौसम के करवट लेने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, देवघर, गिरिडीह, जामताड़ा, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा और रांची के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आज कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना बनी हुई है।
7 जून तक मानसून की दस्तक संभव
इस बीच मौसम विभाग ने राज्य में मानसून की एंट्री को लेकर भी अहम जानकारी दी है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, इस बार झारखंड में मानसून की स्थिति अच्छी रहेगी और 7 जून तक राज्य में मानसून के पहुंचने की संभावना है। एक सप्ताह के भीतर मानसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा।
तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट
बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और वज्रपात की आशंका है। वहीं 25 मई को मध्यम दर्जे की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
26 और 27 मई को राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी रांची में 27 मई तक प्रतिदिन बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।