Jharkhand Weather Updates: झारखंड के कई जिलों में आज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट…

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

रांची: झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य के विभिन्न हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक झारखंड में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई इलाकों में वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है।

कई जिलों में झमाझम, तो कुछ में उमस से बेहाल लोग

हालांकि राज्य के कुछ जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, वहीं अन्य क्षेत्रों में उमस और गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम की वजह से हो रहा है, जिसका असर 30 मई तक राज्य के मौसम पर बना रहेगा।

इन जिलों में हो सकती है बारिश, यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और रांची के कुछ इलाकों में आज यानी 28 मई को मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके बाद 29 मई को संथाल परगना क्षेत्र के सभी जिलों में वर्षा की संभावना है।

वहीं 30 मई को गिरिडीह, देवघर, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

राजधानी रांची और अन्य जिलों का हाल

राजधानी रांची की बात करें तो यहां दोपहर के बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई है।

हजारीबाग के कोनार में सबसे ज्यादा 65.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे अधिक है।

दूसरी ओर, सरायकेला में सबसे अधिक तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत

बारिश के कारण राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह घटकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को दोपहर की झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।

इसी तरह न्यूनतम तापमान भी गिरकर 20 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

सावधानी जरूरी, बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से संबंधित विभागीय अलर्ट पर ध्यान दें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page