रांची – राज्य के मईया सम्मान योजना से जुड़े लाभुकों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। अप्रैल माह से योजना की राशि केवल उन्हीं लाभार्थियों को दी जाएगी जिनके बैंक खाते आधार से लिंक हो चुके हैं। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन खातों में आधार लिंक नहीं होगा, उन्हें भुगतान नहीं किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह अप्रैल और मई – दोनों माह की राशि एक साथ लाभुकों के खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए यह अनिवार्य होगा कि संबंधित खातों में आधार लिंक हो।
जानकारी के मुताबिक, राज्य में कुल 53.64 लाख लाभुक हैं, जिनमें से अब तक 38.34 लाख के बैंक खाते आधार से जुड़ चुके हैं। शेष लाभुकों को जल्द से जल्द अपने खाते आधार से लिंक कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार द्वारा लागू इस नई व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और लाभुकों तक सीधे लाभ पहुंचाना है। विभाग ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे नजदीकी बैंक शाखा या जन सेवा केंद्र में जाकर अपने बैंक खातों को जल्द से जल्द आधार से लिंक करवा लें, ताकि वे योजना का लाभ बिना रुकावट प्राप्त कर सकें।