शादी के सात घंटे बाद दुल्हन ने मायके में की आत्महत्या, खुशियों के माहौल में पसरा मातम, पुलिस कर रही जांच…

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: जिले के घोड़थंभा ओपी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी के महज सात घंटे के भीतर एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना ना केवल परिवार वालों के लिए बल्कि पूरे इलाके के लिए स्तब्ध कर देने वाली है। मृतका की पहचान तारानाखो निवासी राधेश्याम पंडित की 22 वर्षीय बड़ी बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को सोनम कुमारी की शादी बड़े धूमधाम से झरहियाधाम मंदिर में कोडरमा जिला के नंदूडीह गांव निवासी सोनू कुमार के साथ संपन्न हुई थी। शादी समारोह में दोनों परिवारों के लोग शामिल हुए और पूरे रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी की गईं। विवाह के कुछ घंटे बाद ही सोनम अपने पति के साथ विदा होकर ससुराल पहुंची, लेकिन थोड़ी ही देर में वह अपने पति संग मायके लौट आई। मायके में सभी लोग नए दामाद के स्वागत-सत्कार में लगे हुए थे। माहौल पूरी तरह से खुशियों से भरा हुआ था।

इसी बीच सोनम अपने कमरे में चली गई। कुछ देर तक बाहर न निकलने पर जब परिजन उसे देखने गए, तो कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सोनम पंखे से फांसी के फंदे में झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी घोड़थंभा ओपी को दी गई, जिसके बाद जमुआ इंस्पेक्टर रोहित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर रोहित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। मृतका के मायके और ससुराल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *