रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राज्यभर में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में 19 मई तक बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। विभाग ने 17 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार से झारखंड होते हुए एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जिससे राज्य में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसका असर 19 मई तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर शेष जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले इलाकों और खेतों में काम कर रहे किसानों को आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।
फिलहाल राज्य में सामान्य से कम गर्मी दर्ज की जा रही है। 16 मई से तापमान में गिरावट की शुरुआत होगी और बारिश का दायरा बढ़ेगा। 17 से 19 मई के बीच पश्चिमी झारखंड को छोड़कर बाकी सभी हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे अधिक 44.6 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के हाटगम्हरिया में रिकॉर्ड की गई है। वहीं, डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 18 और 19 मई को भी राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”