Jharkhand Weathers: मॉनसून का कहर जारी, झारखंड में 2 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी …

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

रांची: झारखंड में मॉनसून इस बार जमकर मेहरबान हुआ है। राज्यभर में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने एक बार फिर चेतावनी जारी की है कि 29 जून से 2 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान रांची, कोल्हान और आसपास के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग के रांची केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और तटीय इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। साथ ही झारखंड के ऊपर एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका (ट्रफ लाइन) गुजर रही है, जिससे पूरे राज्य में व्यापक असर दिखेगा। इसका खास प्रभाव कोल्हान क्षेत्र पर पड़ेगा, जहां अगले 48 घंटे के भीतर भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

अभी तक सामान्य से 80% ज्यादा बारिश

राज्य में मानसून की आमद के साथ ही बारिश का स्तर काफी बढ़ा है। 28 जून तक झारखंड में औसतन 306.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि तक 170.3 मिमी बारिश होती है। इस तरह सामान्य से 80 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है और जून खत्म होने तक यह आंकड़ा 100 फीसदी के पार जाने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बीते करीब एक दशक में जून महीने में इतनी अधिक बारिश नहीं हुई थी। इस साल जून में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है और यह पिछले 9 वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है।

किस जिलों में कितनी बारिश?

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो रांची जिले में सबसे अधिक 500 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा जिलों में 400 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हुई है। वहीं खूंटी, गुमला, धनबाद और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में भी 300 मिमी से अधिक बारिश हुई है।

हालांकि गोड्डा और देवघर जिले अभी भी औसत से थोड़े पीछे हैं। गोड्डा में 26 फीसदी और देवघर में 22 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, फिर भी दोनों जिले सामान्य सीमा के आसपास हैं।

फसलों और जलाशयों पर असर

लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी की कोई कमी नहीं है। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन ऊँचाई वाले और मध्यम उँचाई के खेतों में खरीफ फसलों के लिए अनुकूल स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश राज्य के कृषि क्षेत्र के लिए वरदान साबित हो रही है।

स्वर्णरेखा नदी सहित कई प्रमुख नदियों के जल स्तर में बढ़ोतरी देखी गई है और जलाशयों में पानी की भरपूर उपलब्धता है।

शनिवार का हाल

शनिवार को सुबह राज्यभर में मौसम साफ था और धूप भी निकली, लेकिन दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली। रुक-रुक कर कई बार बारिश हुई। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया।

4 जुलाई तक मौसम कैसा रहेगा?

अगले कुछ दिनों तक पूरे राज्य में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने 29 जून से 2 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 4 जुलाई तक भी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page