गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण को लेकर इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने शुक्रवार को पचंबा स्थित ज्ञानदीप स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के तहत छात्रों के बीच “आई लव इनरव्हील” प्रिंट वाला कपड़े का थैला वितरित किया गया। इसके साथ ही छात्रों को “प्लास्टिक बैग हटाओ, कपड़े का बैग अपनाओ” की शपथ दिलाई गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग और उसके दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों को जागरूक करना तथा पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व में लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए बांस की जालियों से घेराव किया गया। इससे पौधों को मवेशियों और अन्य बाहरी नुकसानों से बचाया जा सकेगा।
इस सफल आयोजन में क्लब की PDC पूनम सहाय, प्रेसिडेंट कविता राजगढ़िया, ISO दीप्ति सिंहा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने एक स्वर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाज में हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया।