बंद पड़े पत्थर खदान बना काल, एक व्यक्ति की डूबने से मौत, खेत से लौटने के बाद नहाने गए थे, शव की तलाश जारी

Share This News

गिरिडीह (संवाददाता) – गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत खटोरी पंचायत स्थित दूनीसेर गांव में शुक्रवार को एक पुराने पत्थर खदान में डूबने से 50 वर्षीय अर्जुन सिंह की मौत हो गई। बताया गया कि अर्जुन सिंह खेत में हल चलाने के बाद बैल धोने और खुद नहाने के लिए खदान के पानी में उतरे थे, जहां गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह डूब गए।

Advertisement

IMG-20250603-WA0001

IMG-20250603-WA0002

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्जुन सिंह नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और कुछ ही पलों में नजरों से ओझल हो गए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक वह पानी में समा चुके थे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही हिरोडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका शव बरामद नहीं हो सका था।

 

अर्जुन सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से न सिर्फ परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से यह खदान पानी से भरा है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।

 

इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के ऐसे सभी जलजमाव वाले खतरनाक खदानों को चिन्हित कर घेराबंदी की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

 

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव की तलाश में प्रयास जारी है।