गिरिडीह। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रा.लोजपा) झारखंड में अपने संगठन को तेजी से विस्तार दे रही है और आगामी नगर निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ अकेले लड़ने की तैयारी में है। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने गिरिडीह में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने स्पष्ट किया कि पार्टी के किसी अन्य दल में विलय अथवा शामिल होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि नगर निकाय चुनाव पार्टी आधार पर कराए जाएं तथा जल्द से जल्द रोस्टर जारी किया जाए, ताकि सभी राजनीतिक दल समय रहते अपनी चुनावी तैयारियां पूरी कर सकें।

उन्होंने बताया कि रा.लोजपा झारखंड भर में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटी हुई है। इसके तहत पूरे राज्य में प्रभारियों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सशक्त करने के साथ-साथ पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
राजकुमार राज ने दावा किया कि रा.लोजपा जनता से जुड़े मूल मुद्दों को प्राथमिकता बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी और नगर निकाय चुनाव में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष नितेश सिन्हा, जिला अध्यक्ष विनीत कुमार, प्रदेश युवा अध्यक्ष अनिद भट्टाचार्य, जिला प्रधान महासचिव कमलेश शर्मा, जिला महिला अध्यक्ष आशियाना प्रवीण, जिला उपाध्यक्ष संदीप एकघरा तथा जिला महासचिव रंजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।