गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) गिरिडीह द्वारा बुधवार को जिले के विभिन्न कॉलेजों में झारखंड सरकार की ओर से विश्वविद्यालयों में लागू किए जा रहे ‘Restructuring’ एवं ‘Cluster System’ के विरोध में प्रदर्शन किया गया। यह विरोध गिरिडीह कॉलेज गिरिडीह, आदर्श कॉलेज राजधनवार, आरके महिला कॉलेज गिरिडीह, लंगटा बाबा कॉलेज मिर्जागंज तथा घाघरा साइंस कॉलेज बगोदर में किया गया।
इस अवसर पर अभाविप प्रदेश सह मंत्री सह गिरिडीह जिला संयोजक मंटू मुर्मू ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की जा रही यह व्यवस्था छात्र-छात्राओं के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से विद्यार्थियों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि एक ही विषय की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को अलग-अलग महाविद्यालयों में जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक एवं मानसिक बोझ बढ़ेगा। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए यह व्यवस्था काफी कष्टकारी साबित होगी। साथ ही विभिन्न कॉलेजों के बीच आवागमन में समय की बर्बादी होगी, जिससे पढ़ाई और शोध कार्य प्रभावित होंगे।
मंटू मुर्मू ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अलग-अलग केंद्रों और महाविद्यालयों में जाकर शिक्षा ग्रहण करना छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसके अलावा वर्तमान परिस्थितियों में परिवहन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी इस व्यवस्था को छात्र-विरोधी बनाती है।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने सरकार से 24 घंटे के भीतर इस “काले कानून” को वापस लेने की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश शोध संयोजक कृष्णा त्रिवेदी ने कहा कि छात्रहित और शिक्षा की सुलभता को सर्वोपरि रखते हुए सरकार को ‘Restructuring’ एवं ‘Cluster System’ को अविलंब वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो परिषद छात्र हितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
विभिन्न कॉलेजों में आंदोलन का नेतृत्व अलग-अलग पदाधिकारियों द्वारा किया गया। आदर्श कॉलेज में प्रदेश शोध संयोजक कृष्णा त्रिवेदी, लंगटा बाबा कॉलेज में विभाग संयोजक विजय ओझा एवं विपिन राय, श्री आरके महिला कॉलेज में अनीश राय, गिरिडीह कॉलेज में नगर मंत्री नीरज चौधरी तथा घाघरा साइंस कॉलेज में कॉलेज उपाध्यक्ष हर्ष ने नेतृत्व किया।
मौके पर नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, सदानंद राय, कॉलेज अध्यक्ष अंकुश सिंह, कॉलेज मंत्री कृष पासवान, कॉलेज उपाध्यक्ष संदीप वर्मा, दीपक वर्मा, मुन्ना पंडित, विवेक, देवराज, मनोहर उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।