गिरिडीह में 31 करोड़ से बनेगा भव्य मरीन ड्राइव, उसरी नदी किनारे बदलेगी शहर की तस्वीर…

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: शहरवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब जल्द ही साकार होने जा रही है। गिरिडीह शहर के बीचों-बीच बहने वाली उसरी नदी की तलहटी पर आधुनिक मरीन ड्राइव का निर्माण किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू के प्रयासों से शास्त्री नगर स्थित उसरी नदी तलहटी से लेकर अरगाघाट तक मरीन ड्राइव निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस परियोजना पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना के निर्माण कार्य के लिए झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (JUIDCO), रांची द्वारा करीब 15 दिन पूर्व टेंडर प्रकाशित किया जा चुका है। फिलहाल टेंडर फाइनल करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई माह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। मरीन ड्राइव के निर्माण से न केवल शहर का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि लोगों को सुबह और शाम टहलने, व्यायाम करने तथा परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक बेहतर और आकर्षक स्थान भी उपलब्ध होगा।

शहर की खूबसूरती में लगेगा चार चांद

मरीन ड्राइव परियोजना को गिरिडीह के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नदी किनारे विकसित होने वाला यह मार्ग आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे क्षेत्र का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद उसरी नदी क्षेत्र शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल हो सकता है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

स्थानीय लोगों का मानना है कि मरीन ड्राइव बनने से गिरिडीह की पहचान एक विकसित और आकर्षक शहर के रूप में स्थापित होगी। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है। नदी किनारे विकसित होने वाला यह स्थल पर्यटन, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बन सकता है।

शहरवासियों में खुशी का माहौल

मरीन ड्राइव निर्माण की खबर सामने आने के बाद शहरवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे गिरिडीह के विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए नगर विकास मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से शहर को ऐसी परियोजना का इंतजार था, जो विकास के साथ-साथ लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी प्रदान करे।

गौरतलब है कि परियोजना के धरातल पर उतरने के साथ ही गिरिडीह शहर के बुनियादी ढांचे और सौंदर्यीकरण को नई गति मिलेगी तथा आने वाले वर्षों में यह मरीन ड्राइव शहर की नई पहचान बनकर उभरेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page