इको पार्क में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर विधायक मंजू कुमारी सख्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा…

Share This News

मुआ विधानसभा क्षेत्र स्थित इको पार्क में हाल के दिनों में बढ़ रही मारपीट, असामाजिक गतिविधियों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक मंजू कुमारी एक्शन मोड में नजर आईं। गुरुवार को उन्होंने इको पार्क पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान विधायक मंजू कुमारी ने पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटकों, महिलाओं, बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए पार्क में सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने, नियमित गश्ती कराने और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

विधायक ने साफ कहा कि इको पार्क में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास तभी सार्थक होगा जब लोग वहां खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे।

 

इस दौरान पार्क परिसर की साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों के साथ कई आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर चर्चा की गई।

 

विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि इको पार्क को सुरक्षित, स्वच्छ और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी से पर्यटकों का विश्वास बढ़ेगा तथा क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।