राज्यव्यापी नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को गिरिडीह प्रखंड के बरमोरिया पंचायत सचिवालय में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ टोपी एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
रात्रि चौपाल को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण पारिवारिक कलह, सामाजिक तनाव और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव जाकर नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने स्थानीय भाषा में ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार या सेवन की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने खोरठा भाषा में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा आर्थिक, सामाजिक और मानसिक समस्याओं को जन्म देता है तथा परिवार की खुशहाली को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिले के कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।