05 से 25 अगस्त तक गिरिडीह में विशेष शिविर, पंचायत-वार्ड स्तर पर बनेंगे जाति, आय, आवासीय, जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र…

Share This News

जिले के लोगों को सरकारी प्रमाण-पत्र आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला प्रशासन 05 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक सभी प्रखंडों की ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों के सभी वार्डों में विशेष शिविर आयोजित करेगा।

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में जाति, आय, आवासीय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन लेकर त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन तक स्थानीय स्तर पर पहुंचाना और प्रमाण-पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शिविर आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है।

 

प्रत्येक शिविर में पंचायत सचिव एवं हल्का कर्मी की प्रतिनियुक्ति रहेगी, जो आवेदन प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। शिविरों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षी पदाधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी ताकि प्रमाण-पत्र समय पर जारी किए जा सकें।

जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को शिविरों की तिथि और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

 

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिन नागरिकों को जाति, आय, आवासीय, जन्म या मृत्यु प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाएं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

 

Related Post