गिरिडीह | प्रतिनिधि
गिरिडीह के होटल गैलेक्सी में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेता मंटू मुर्मू ने 21 अगस्त को झंडा मैदान में हुई मारपीट की घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर SC/ST थाना में आवेदन देकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की गई है।
मंटू मुर्मू ने बताया कि JSSC-JPSC रिफॉर्म मंच द्वारा झारखंड के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की घोषणा की गई थी। गिरिडीह में भी शाम 6 बजे झंडा मैदान में पुतला दहन का कार्यक्रम तय था। इसी दौरान टावर चौक पर MMDR संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में प्रदर्शन कर रहे JMM कार्यकर्ता बड़ी संख्या में झंडा मैदान पहुंच गए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंटू मुर्मू ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें भीड़ में खींच लिया और लाठी, डंडे तथा पत्थरों से हमला किया। उन्होंने इसे मॉब लिंचिंग का प्रयास बताया। उनका दावा है कि वहां मौजूद अन्य छात्रों ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनीश राय, अक्षय यादव और अभिजीत सिन्हा पर भी जानलेवा हमला किया गया।

मंटू मुर्मू ने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले JMM की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके भाई को बीजेपी का मोहरा बताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान राजनीतिक दबाव में दिया गया।
छात्र नेता ने कहा कि 25 अगस्त को SC/ST थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग करेंगे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।