बगोदर में मोबाइल टावर चोरी गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

Share This News

गिरिडीह/बगोदर: बगोदर-सरिया रोड स्थित एक मोबाइल टावर से मशीनों और अन्य उपकरणों की चोरी के मामले में बगोदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। मामले में दो अन्य संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे सरिया रोड में नहर के पास स्थित मोबाइल टावर से चार AZNA मशीन समेत कई उपकरण चोरी कर लिए गए थे। टावर के तकनीशियन धीरेन्द्र कुमार द्वारा जांच के बाद 21 अगस्त को बगोदर थाना में कांड संख्या IVS GO 164/26 दर्ज कराया गया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना के बाद से मोबाइल टावरों पर निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

इसी क्रम में 23 अगस्त की रात करीब 12:10 बजे बगोदरडीह ओवरब्रिज के पास पुलिस को एक काले रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। वाहन की तलाशी लेने पर AZNA मशीन, औजार, ग्लव्स, सिम कार्ड और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किए गए।

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने कथित तौर पर बताया कि वे चार लोगों के साथ मिलकर मोबाइल टावरों से मशीन खोलने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह ने बगोदर-सरिया रोड स्थित टावर से चार AZNA मशीन खोली थीं। इसी दौरान पुलिस को देखकर दो अन्य युवक अंधेरे का फायदा उठाकर खेत की ओर भाग निकले। उनकी तलाश की गई, लेकिन वे पुलिस के हाथ नहीं लगे।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वाहन में मौजूद छोटू यादव, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी खानोडीह, बाघमारा, धनबाद और आनंद रवानी, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी फुलाईटांड़ बस्ती, मधुवन, धनबाद को गिरफ्तार किया है।

सामान बरामद

– काले रंग की स्कॉर्पियो, नंबर JH 10 CY-8957

– दो मोबाइल फोन

– चार एलेंकी औजार

– एक ग्लव्स

– एक सिम कार्ड

– AZNA मशीन सहित अन्य सामान

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित बगोदर थाना, पुलिस लाइन गिरिडीह और अनुसंधान विंग के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और फरार दोनों युवकों की तलाश जारी है।