41 स्कूलों में एक साथ लगी पुलिस की पाठशाला, बच्चों को पढ़ाया कानून, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा का पाठ

Share This News

गिरिडीह:-पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर शनिवार को गिरिडीह जिले के 41 विद्यालयों में एक साथ छात्र जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारी शिक्षक और मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आए। विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानून, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।

अभियान का नेतृत्व करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार स्वयं जमुआ थाना क्षेत्र के लंगटा बाबा उच्च विद्यालय, मिर्जागंज पहुंचे। यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए कानून और सुरक्षा से जुड़े विषयों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। पुलिस अधीक्षक को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान एसपी ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के साथ-साथ जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा डिजिटल साक्ष्यों के महत्व की जानकारी दी।

साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध के प्रति सतर्क करते हुए म्यूल अकाउंट, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग, सेक्सटॉर्शन, टास्क फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन चलाने के खतरों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए बनाए गए गुड सेमेरिटन (नेक नागरिक) कानून के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया।

जिले के सभी डीएसपी, पुलिस निरीक्षक तथा थाना और ओपी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के चिन्हित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि छात्र समाज का भविष्य हैं। यदि बच्चे कानून के प्रति सजग, डिजिटल दुनिया में सतर्क और सड़क पर अनुशासित रहेंगे तो सुरक्षित और अपराध-मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह पुलिस का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम कर युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाना है।

Related Post