गिरिडीह में अपराध पर एसपी डॉ. विमल कुमार सख्त, वारंटियों की गिरफ्तारी, गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर नजर रखने के निर्देश…

Share This News

जिले  में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में उनकी अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, तकनीकी अनुसंधान की प्रगति तथा आगामी श्रावणी मेला-2026 की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

Advertisement

बैठक में एसपी ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और थाना/ओपी प्रभारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता

एसपी ने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने दर्ज मामलों की संवेदनशीलता के साथ त्वरित समीक्षा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वारंट और सत्यापन के मामलों में तेजी

न्यायालय से प्राप्त वारंट एवं कुर्की का समय पर शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा गया।

रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर नजर रखने के निर्देश

जिले में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पेशेवर अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने तथा उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

जनता की शिकायतों का जल्द हो समाधान

एसपी ने आम लोगों से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न आयोगों से संबंधित पत्रों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन करने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने और पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया।

श्रावणी मेला को लेकर विशेष सुरक्षा तैयारी

आगामी श्रावणी मेला-2026 को देखते हुए कांवरियों के मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन, सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक रूट डायवर्जन को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। गिरिडीह पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और न्याय प्रक्रिया को सुगम एवं तेज बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

Related Post