गिरिडीह: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, दावा-आपत्ति, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्तारित अवधि का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर देना है।
बैठक में बताया गया कि प्रपत्र-6 के तहत अब तक 44,025 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नाम विलोपन से संबंधित 364 प्रपत्र-7 और संशोधन अथवा मतदान केंद्र परिवर्तन से संबंधित 46,339 प्रपत्र-8 प्राप्त हुए हैं।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,586 मतदान केंद्र हैं। SIR-2026 के तहत अब तक 4,81,103 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त दावों, आपत्तियों और प्रपत्रों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के आवेदन बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच सहयोग और समन्वय जरूरी है।
उन्होंने जिलेवासियों से SIR से संबंधित अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील की। मतदाता सूची से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी के लिए निर्वाचन विभाग के अधिकृत माध्यमों और संबंधित BLO से संपर्क करने को कहा गया। साथ ही नागरिकों से अपनी मतदाता सूची में नाम और विवरण की जांच कर आवश्यकता होने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने की अपील की गई।
