झारखंड धाम: झारखंडधाम के स्थानीय लोगों ने आगामी भादो पूर्णिमा को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झारखंडधाम में लगाया गया हाई मास्ट लाइट अक्सर खराब हो जाता है। इसे नियमित रूप से चालू रखने की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई तोड़-फोड़ के बाद सड़क और आसपास कई जगहों पर मलबा पड़ा हुआ है। भादो पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में मलबे के कारण आवागमन में परेशानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जमुआ विधायक मंजू कुमारी से मांग की है कि भादो पूर्णिमा से पहले हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त कराने के साथ-साथ सड़क एवं आसपास पड़े मलबे की सफाई भी कराई जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झारखंडधाम आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां श्रद्धालुओं की सुविधा और साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित एवं स्थायी रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए।