गिरिडीह में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित, एसपी ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाने और रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही थाना प्रभारियों को देर रात तक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने को कहा।

बैठक में फरार एवं दागी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन कर उन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा न्यायालय से प्राप्त वारंट एवं कुर्की-जब्ती का समय पर निष्पादन, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने और पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनता से प्राप्त शिकायतों एवं विभिन्न आयोगों से संबंधित मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान विगत माह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *