गांडेय के स्कूल में MDM चावल गबन और फर्जी उपस्थिति के आरोपों की जांच शुरू

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह/ चंदन पांडेय: गांडेय प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय राताबहियार में मध्याह्न भोजन (MDM) के चावल के कथित गबन, फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और विकास मद की राशि में अनियमितता के आरोपों को लेकर प्रशासनिक जांच शुरू हो गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को प्रशिक्षु आईएएस एस. कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) आशीष कुमार हेंब्रम विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की।

ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले विद्यालय में 12 बोरा MDM चावल के कथित गबन, बच्चों की फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और पोशाक सामग्री को बोरे में छिपाकर रखने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसे लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में विरोध-प्रदर्शन भी किया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के सचिव सह शिक्षक अजय कुमार सिंह द्वारा MDM चावल, बच्चों की पोशाक और विद्यालय विकास मद की राशि में अनियमितता की गई है। वहीं, विद्यालय के पूर्व सहायक अध्यापक रामप्रसाद यादव ने भी आरोपों की पुष्टि किए जाने की बात कही थी।

इसके बाद ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच की मांग की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं की जांच की।

अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन उपायुक्त को सौंपा जाएगा। जांच के दौरान पूर्व मुखिया प्रकाश यादव, पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार, अमर गोप, सुरेंद्र यादव, गिरधारी गोप, मनोज मोदी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page