रांची: बंगाल की खाड़ी में बने अति गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश जारी रहने और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
रांची में 57.8 मिमी बारिश, तापमान में गिरावट
बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में रांची में 57.8 मिमी बारिश हुई। वहीं बोकारो में 37.4 मिमी, जमशेदपुर में 16.8 मिमी, खूंटी में 34.0 मिमी, लातेहार में 24.5 मिमी और सरायकेला में 29.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
गुरुवार और शुक्रवार को भी असर
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, दक्षिणी झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के अलावा रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा समेत कई जिलों में बारिश हुई है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र गुरुवार और शुक्रवार को भी झारखंड को प्रभावित कर सकता है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से गुरुवार को रांची समेत कुछ इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।
बारिश से मानसून की स्थिति में सुधार की उम्मीद
लगातार हो रही बारिश से झारखंड में मानसून की स्थिति में कुछ सुधार की उम्मीद है। राज्य में अब तक 900.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य बारिश 977.3 मिमी है। यानी राज्य में बारिश सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम है।
वहीं रांची में अब तक 1084.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 995.9 मिमी से करीब 9 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में होने वाली बारिश से राज्य में मानसून की स्थिति में और सुधार हो सकता है।
