गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में युवक रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीरटाड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव और अनुज कुमार यादव शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे बंदरकुप्पी में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। मामले में वादी मुसाफिर सिंह के आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 270/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम को घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई
गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद मुख्य अभियुक्त सतीश यादव और उसके सहयोगी अप्राथमिकी अभियुक्त अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की रिनॉल्ड कंपनी की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार जब्त की गई है।
ये सामान भी किए गए जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से कई अन्य सामान भी बरामद किए हैं। इनमें रूई (कॉटन) के टुकड़ों पर घटनास्थल से उठाया गया रक्त का नमूना, बांस की तीन लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. सतीश यादव, पिता- अरुण यादव, ग्राम नावाडीह, थाना-पीरटाड़, जिला-गिरिडीह।
2. अनुज कुमार यादव, पिता- सुखदेव यादव, ग्राम नावाडीह, थाना-पीरटाड़, जिला-गिरिडीह।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पीरटाड़ थाना प्रभारी जीतेन्द्र सिंह, पंचबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत मुफ्फसिल थाना, पुलिस केंद्र, अनुसंधान विंग और तकनीकी शाखा के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।