मंईयां सम्मान योजना को लेकर भ्रम दूर, जामताड़ा में सितंबर की किस्त जारी, अब गिरिडीह की महिलाओं को किस्त का इंतजार….

Share This News

गिरिडीह। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की किस्त पिछले कुछ समय से नहीं मिलने के कारण लाभुक महिलाओं के बीच योजना बंद होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। वहीं, अब जामताड़ा जिले से सामने आई जानकारी ने इन चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लगा दिया है।

 

दुर्गापूजा से पहले जामताड़ा जिले की महिलाओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सितंबर महीने की राशि 1,52,208 लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, इन लाभुकों के खातों में करीब 38.05 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। राशि मिलने से त्योहार के पहले महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी।

 

इसके अलावा सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी सितंबर महीने की पेंशन राशि 1,06,412 लाभुकों के खातों में भेजी गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और भुगतान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।

 

जामताड़ा में सितंबर की किस्त जारी होने के बाद अब गिरिडीह जिले की लाभुक महिलाओं में भी किस्त मिलने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, गिरिडीह में सितंबर की राशि कब तक खातों में पहुंचेगी, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में लाभुक महिलाओं को विभागीय घोषणा या जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।

इधर, पिछले कुछ समय से जेएसएससी-सीजीएल मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने और मंईयां सम्मान योजना की किस्त में देरी के कारण सोशल मीडिया पर योजना बंद होने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं।

Advertisement

जामताड़ा में सितंबर की राशि जारी होने के बाद इन चर्चाओं के बीच अब गिरिडीह की महिलाओं की नजर अगली किस्त पर टिकी है।