नगर आयुक्त के निर्देश पर बकाया राशि की वसूली को लेकर नगर निगम की कार्रवाई, पांच दुकानें सील…

Share This News

गिरिडीह:- नगर आयुक्त, श्री विजय सिंह बिरुवा के निर्देशानुसार आज नगर निगम की टीम द्वारा निगम अंतर्गत दुकानों से लंबित बकाया राशि एवं री-एग्रीमेंट से संबंधित बकाया राशि की वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निर्धारित देय राशि का भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल पांच दुकानों को सील किया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की दुकानों से संबंधित लंबित किराया, बकाया राशि एवं री-एग्रीमेंट से संबंधित देय राशि की वसूली को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित दुकानदारों से अपील की कि वे अपने-अपने दुकानों का लंबित बकाया एवं री-एग्रीमेंट से संबंधित देय राशि को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नगर निगम कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी होल्डिंगधारियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने भवन/मकान का होल्डिंग टैक्स एवं वाटर टैक्स समय पर जमा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं एवं विकास कार्यों के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित करों एवं शुल्कों का समयबद्ध भुगतान आवश्यक है। नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी संबंधित करदाताओं एवं दुकानदारों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान कर नगर निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।