जमुआ: गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड की मेढ़ोचपरखो पंचायत अंतर्गत पननिया गांव में कुएं में डूबने से 40 वर्षीय मजदूर राधे यादव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, राधे यादव पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप शामडीह स्थित एक कुएं में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद गांव के लोग भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
राधे यादव अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक के शव का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट पर किया जा रहा था। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।