मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित गिरिडीह दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा की..

Share This News

गिरिडीह: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगामी 2 दिसंबर को संभावित गिरिडीह आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर झंडा मैदान में प्रस्तावित परिसंपत्ति वितरण-सह-विकास मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की अद्यतन सूची, लाभुकों का विवरण और वितरण से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

विकास मेला में कृषि, पशुपालन, उद्योग, मत्स्य, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क, खेल, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, जेएसएलपीएस, परिवहन, आपूर्ति एवं सहकारिता सहित 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल निर्माण, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफल तरीके से संपन्न कराया जा सके।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।