बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर जिलेभर में विविध आयोजन, शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग ले रहे विद्यार्थी

Share This News

गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले में 15 नवंबर से 28 नवंबर तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल की जा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जी.आई.एस. कॉलेज, बगोदर एवं प्लस टू जिला स्कूल, गिरिडीह में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के सदस्यों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं विषयगत समझ का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, निर्वाचन प्रणाली एवं मतदाता जागरूकता के प्रति जागरूक करना है, ताकि भविष्य में वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।

वहीं, जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा भी चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं, निबंध लेखन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है।

इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, खेल भावना, रचनात्मक सोच एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान की गाथा से नई पीढ़ी को परिचित कराना और झारखंड की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास एवं विरासत के प्रति जागरूक करना भी इन कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

जिलेभर में आयोजित हो रही ये गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रही हैं।