नावाडीह में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, 76 वर्षीय रामेश्वर महतो की मौत; तीन युवक गंभीर रूप से घायल

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के नावाडीह में मंगलवार को दो बाइकों के बीच हुई भीषण टक्कर में 76 वर्षीय बुजुर्ग रामेश्वर महतो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हादसे में दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कवायद शुरू हुई।

मृतक की पहचान नावाडीह निवासी रामेश्वर महतो के रूप में हुई है। वह मकतपुर स्थित लाइफ लाइन जांच घर के संचालक थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भी रामेश्वर महतो रोजाना की तरह अपनी बाइक से नावाडीह स्थित घर से मकतपुर के लिए निकले थे। उन्हें वहां अपना क्लीनिक खोलना था। इसी दौरान घर से कुछ दूरी आगे बढ़ने पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रामेश्वर महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक भी दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रामेश्वर महतो को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इधर, सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

रामेश्वर महतो की अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, उनके परिचितों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। एक ओर जहां परिवार के सदस्य अस्पताल में हुई इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं, वहीं इलाके में भी इस दुर्घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *