WhatsApp इस्तेमाल करने वाले हो जाएं सावधान! लीक हो सकती है आपकी निजी चैट, गृह मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी; जानें कैसे बचाएं अपना अकाउंट

Share This News

ऑफिस या किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी सामने आई है। गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने WhatsApp Web की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी कर यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने चेताया है कि यदि किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगिन सेशन खुला रह जाता है, तो दूसरा व्यक्ति इसका गलत फायदा उठा सकता है।

एडवाइजरी के अनुसार, किसी सक्रिय WhatsApp Web सेशन तक अनधिकृत पहुंच मिलने पर साइबर अपराधी यूजर के निजी संदेश पढ़ सकते हैं। इसके अलावा वे संबंधित व्यक्ति के WhatsApp अकाउंट से दूसरे लोगों को मैसेज भेजने, कॉन्टैक्ट्स देखने और ग्रुप चैट तक पहुंच बनाने में सक्षम हो सकते हैं।

सिर्फ ब्राउजर बंद करना नहीं है पर्याप्त

साइबर सुरक्षा को लेकर सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर का टैब या पूरी विंडो बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है। ऐसे में कंप्यूटर पर लॉगिन सेशन सक्रिय रह सकता है और बाद में उस सिस्टम का इस्तेमाल करने वाला कोई अन्य व्यक्ति आपके WhatsApp अकाउंट तक पहुंच बना सकता है।

आपके अकाउंट से हो सकती है ठगी

I4C ने आगाह किया है कि इस तरह की लापरवाही का फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। वे आपके असली WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल कर दोस्तों, रिश्तेदारों और सहकर्मियों को संदेश भेज सकते हैं। आपकी पहचान का सहारा लेकर पैसों की मांग, फर्जी लिंक भेजने और अन्य तरह की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया जा सकता है।

इस तरह के मामलों में लोगों के ठगी का शिकार होने की आशंका अधिक रहती है, क्योंकि संदेश किसी अनजान नंबर के बजाय उनके परिचित व्यक्ति के वास्तविक WhatsApp अकाउंट से आता है। ऐसे में लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं।

WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी

I4C की एडवाइजरी के मद्देनजर यूजर्स को सलाह दी गई है कि दूसरे या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट से विधिवत लॉगआउट जरूर करें। साथ ही अपने मोबाइल में WhatsApp के Linked Devices विकल्प पर जाकर सक्रिय डिवाइसों की नियमित जांच करें। किसी अनजान या पुराने डिवाइस पर लॉगिन दिखाई देने पर उसे तुरंत लॉगआउट कर दें।

डिजिटल दौर में छोटी-सी लापरवाही भी आपकी निजी जानकारी और आर्थिक सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।