नकलमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त ने किया मैट्रिक – इंटर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण…

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: जिले में आगामी 03 फरवरी से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने सोमवार को गांवा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार एवं सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने तथा उनके पूर्णतः क्रियाशील रहने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की निरंतर मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे।

उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा नकल मुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों का पूर्व मूल्यांकन कर लिया जाए तथा परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके अलावा उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे तथा परीक्षा के दिन एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 40,827 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 27,137 परीक्षार्थी भाग लेंगे। मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में कुल 95 परीक्षा केंद्र, वहीं इंटर परीक्षा के लिए 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

उपायुक्त ने संबंधित सभी पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page