खंडोली इंस्टीट्यूट में Subros Limited का कैंपस प्लेसमेंट, 89 विद्यार्थियों को मिली नौकरी; ₹2.52 लाख का वार्षिक पैकेज

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: खंडोली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गिरिडीह में देश की प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी Subros Limited, गुजरात की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के 89 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से ₹2.52 लाख वार्षिक पैकेज यानी लगभग ₹21 हजार प्रतिमाह पर नौकरी का अवसर मिला है। साथ ही कंपनी की ओर से रहने और खाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में करीब 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को ग्रुप डिस्कशन (GD), सामान्य ज्ञान (GK), एप्टीट्यूड टेस्ट और वन-टू-वन इंटरव्यू के विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। कंपनी की एचआर टीम ने विद्यार्थियों की योग्यता और तकनीकी ज्ञान का मूल्यांकन करने के बाद 89 विद्यार्थियों का चयन किया। कंपनी की ओर से चयनित विद्यार्थियों को 5 जनवरी 2027 से जॉइनिंग देने की जानकारी दी गई है।

चयनित विद्यार्थियों में सिविल इंजीनियरिंग के 44, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 28 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 17 विद्यार्थी शामिल हैं। खास बात यह है कि चयनित विद्यार्थी अभी पांचवें सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। दिसंबर में परीक्षा समाप्त होने के बाद वे कंपनी में योगदान देंगे और छठे सेमेस्टर की परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से पूरी करेंगे। इससे विद्यार्थियों को डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी होने से पहले ही औद्योगिक क्षेत्र में काम करने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

संस्थान के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार से जोड़ना भी है। वहीं, संस्थान के प्राचार्य सह जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भी चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (TPO) इंजीनियर दीपक कुमार मंडल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंपनी की एचआर टीम का नेतृत्व अजय प्रताप सिंह चौहान ने किया।

संस्थान प्रबंधन के अनुसार, यह चालू शैक्षणिक सत्र का पहला प्रमुख कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव है। पिछले शैक्षणिक सत्र में संस्थान ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में सफलता प्राप्त की थी। इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए दिसंबर के दूसरे सप्ताह में अन्य कंपनियों का कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करने की तैयारी है। इसके अलावा जिंदल ग्रुप के साथ भी प्लेसमेंट को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित इस ड्राइव के माध्यम से विशेष रूप से माइनिंग इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर में विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा न्याय, समानता, लोकतंत्र और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

संस्थान प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस सत्र में भी 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 89 विद्यार्थियों का चयन संस्थान के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *