तिरलाटांड पहुंचे डीसी रामनिवास यादव, पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और न्याय का दिया भरोसा….

तिरलाटांड पहुंचे डीसी रामनिवास यादव, पीड़ित परिवार को न्याय और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का दिया भरोसा।

Abhimanyu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह मधुबन थाना क्षेत्र के तिरला टांड गांव में हुए दंपति हत्याकांड के बाद शुक्रवार को रामनिवास यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने मृतक दंपति के परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा परिवार की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

डीसी ने कहा कि मृतक दंपति के बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ा जाए और उनके लिए आवश्यक आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों का जल्द विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश भी दिया, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो।

मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खान, डुमरी एवं पीरटांड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को मिलने वाली सहायता और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

गांव भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को भी उपायुक्त के समक्ष रखा। इस पर डीसी ने संबंधित विभागों को लंबित विकास योजनाओं में तेजी लाने और समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दंपति हत्याकांड की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page