गांडेय प्रखंड में जेएसएलपीएस की पहल, बकरियों का किया गया पीपीआर टीकाकरण..

जेएसएलपीएस की पहल से पशुपालक महिलाओं को मिलेगा सुरक्षा और बेहतर लाभ

Abhimanyu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गांडेय प्रखंड अंतर्गत आइएफसी समेकित कृषि क्लस्टर बड़किटांड संकुल में जेएसएलपीएस के तहत आजीविका पशु सखी द्वारा बकरियों का पीपीआर टीकाकरण अभियान चलाया गया। दासडीह पंचायत के दासडीह गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में आजीविका पशु सखी दुलारी देवी, आइएफसी एंकर तालों सोरेन, सीआरपी हेमंती कुमारी वर्मा एवं सक्रिय सदस्यों के सामूहिक प्रयास से समूह की बकरियों का टीकाकरण किया गया।

इस दौरान जेएसएलपीएस के फील्ड थीमेटिक कोऑर्डिनेटर रामचंद्र चौधरी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समूह की दीदियों की आय दोगुनी कर उन्हें लखपति बनाना है। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले बकरियों में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए प्रशिक्षित आजीविका पशु सखी के माध्यम से पीपीआर टीकाकरण कराया जा रहा है, ताकि पशुधन सुरक्षित रह सके और सदस्यों को अधिक लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस द्वारा कृषि, बागवानी, उन्नत बीज चयन, सामूहिक नर्सरी, बीज उपचार सहित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देकर महिलाओं को प्रगतिशील कृषक उद्यमी बनाया जा रहा है। वहीं पशुपालन के क्षेत्र में बकरियों एवं मुर्गियों के टीकाकरण, कृमिनाशक दवा, उपचार, पशु प्रबंधन तथा बाजार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान “एक भी बकरी छूटे नहीं, सुरक्षा चक्र टूटे नहीं” का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि बकरी पालन समूह की महिलाओं के लिए एटीएम की तरह है, जरूरत पड़ने पर वे बकरी बेचकर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकती हैं। साथ ही खेती से प्राप्त हरे चारे के उपयोग से लागत कम और मुनाफा अधिक होता है।

मौके पर जानकारी दी गई कि जल्द ही गांवों में संतुलित पशु आहार निर्माण, बीमारियों के लक्षण एवं उपचार संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि पशुधन को समय पर सुरक्षित रखा जा सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page